Wednesday, December 4, 2013

धर्मनगरी से धरा गया नारायण साईं




हाईवे पैट्रोल पम्प से दिखाई पुलिस ने गिरफ्तारी
पवन सौन्टी/कुरुक्षेत्र

लम्बे समय से देश की पुलिस को छकाने वाला नारायण साईं आखिर धर्मनगरी कुरुक्षेत्र से धरा गया। हालांकि पुलिस के अनुसार कुरुक्षेत्र में उसका कोई ठिकाना नहीं था और न ही वह यहां रूका था। मात्र संयोग ही है कि उसे पिपली नैशनल हाईवे नम्बर 1 पर स्थित एक पैट्रोल पम्प से गाड़ी में तेल डलवाते हुए दबोचा गया। दिल्ली व सूरत पुलिस द्वारा सांई की यहां से गिरफ्तारी के बाद अचानक कुरुक्षेत्र का नाम राष्ट्रीय मीडिया में चर्चित हो गया। गौतलब है कि आसाराम के बेटे नारायण सांई पर दो महिलाओं द्वारा यौन शोषण का आरोप लगाने के बाद से वह भगौड़ा था जिस पर 5 लाख का इनाम तक घोषित किया गया था।

 मजेदार बात तो यह है कि कुरुक्षेत्र पुलिस को इसकी सूचना मीडिया के माध्यम से ही लगी। जिला पुलिस अधीक्षक वाई पूर्ण कुमार ने स्थानीय मीडिया कर्मियों द्वारा पूछे जाने पर बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी मीडिया के माध्यम से ही लगी है। वह पूर्ण विवरण जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। उधर पिपली हाईवे स्थित पैट्रोल पम्प के कर्मचारी शिव मोहन के अनुसार गत रात्रि 11 बजे के करीब 5-6 गाडिय़ां उनके पम्प पर तेल डलवाने के लिये रूकी थी। उनमें से 2 पर लाल बत्ती भी लगी थी। उसके अनुसार उन्होंने गाडिय़ों में नारायण सांई को नहीं पहचाना। जो लोग गाडिय़ों में स्वार थे वो सब सादे कपड़ों में थे। यही नहीं उन लोगों ने पैट्रोल पम्प का नाम पता भी पूछा। गाडिय़ों में से उतरे लोगों ने पैट्रोल पम्प कर्मचारियों से यह भी जानकारी ली की क्या सीसी टीवी कैमरे चालू हैं। कर्मचारियों के अनुसार उन्होंने बताया कि कैमरे काफी समय से खराब हैं। कर्मचारियों के अनुसार गाडिय़ों का काफिला अम्बाला की तरफ से आया था और दिल्ली की तरफ निकल गया। उधर नारायण सांई को गिरफ्तार करने वाली पुलिस का कहना है कि उसे पिपली स्थित पैट्रोल पम्प से पकड़ा गया जबकि लोगों को यह संदिग्ध नजर आता है। पैट्रोल पम्प कर्मचारी के अनुसार गाडिय़ों का काफिला आया और तेल डलवा कर चला गया। उन्होंने पैट्रोल पम्प के सीसी टीवी कैमरे के बारे में जानकारी ली व पैट्रोल पम्प का नाम पता जाना। इसके अतिरिक्त कोई ऐसी घटना उस पैट्रोल पम्प पर नहीं हुई जिससे लगे कि तेल डलवाते हुए किसी को दबोचने का प्रयास किया गया हो।

No comments:

Post a Comment