Thursday, April 3, 2014

आकर्षण का केंद्र बन सकता है कुरुक्षेत्र: मोदी


धर्मनगरी में नरेंद्र मोदी ने भरी हुंकार, 3 लोकसभा के कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

कुरुक्षेत्र/ पवन सौन्टी
भारतीय जनता पार्टी और राजग के प्रधानमंत्री पद के उम्मीद्वार नरेंद्र मोदी ने धर्मनगरी में हुंकार भरी और 300 से अधिक सीटें जिताकर संसद भेजने की अपील जनता से की। गुरुवार को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र की अनाज मंडी में आयोजित भारत विजय रैली में बोलते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि कुरुक्षेत्र भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है। उन्होंने कुरुक्षेत्र, करनाल व अम्बाला लोकसभा के उम्मीद्वारों क्रमश: राजकुमार सैनी, अश्वनी चोपड़ा मिन्ना व रत्न लाल कटारिया के लिये प्रचार करते हुए वादा किया कि सरकार में आने पर कुरुक्षेत्र को प्रयटन में विश्व स्तर पर चमकाया जाऐगा। मोदी ने कहा कि देश के सवा सौ करोड़ लोगों की इच्छा रहती है कि कभी न कभी कुरुक्षेत्र जरूर जाऐं। यह देश ही नहीं अपितु सारी दुनिया के लिये भी आकर्षण व जिज्ञासा का केंद्र बन सकता है। इसे ऐसा विकसित किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रयटन विश्व में सबसे तेज गति से बढने वाला उद्योग है। इससे रिक्शा चालक, रेहड़ी वाले, चाय बेचने वाले व फल-फूल बेचने वालो तक को रोजगार मिलता है। कुरुक्षेत्र का प्रयटन में विकास होने पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे जिससे पूरे हरियाणा का भला होगा। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर आरोप लगाया कि कभी कुरुक्षेत्र का प्रयटन के रूप में विकास ही नहीं हुआ। मोदी ने कहा कि हरियाणा से उनका निकट सम्बंध रहा है। बहुत वर्षों तक यहां रह कर काम करने का अवसर मिला, जिस की बदौलत वह हरियाणा की समस्याओं को भली भांति समझते हैं। नरेंद्र मोदी ने हरियाणा वासियों को विश्वास दिलवाया कि सरकार आने पर उन्हें यहां की समस्याओं को समझने में पल भर की भी देरी नहीं लगेगी। इसके साथ ही उन्होंने किसानों की आवाज उठाकर वाजपेयी सरकार में किये गए किसान हितैषी कार्योंं को भी गिनवाया और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि इन सरकारों ने आने वाली पीढिय़ों के बारे में नहीं सोचा। मोदी ने हरियाणा और गुजराज का संबंध जोड़ते हुए कहा कि कृष्ण जी ने कुरुक्षेत्र में गीता का उपदेश दिया व गुजराज के द्वारिका में निवास किया। इसके साथ ही स्वामी दयानंद सरस्वती के बारे में उन्होंने कहा कि उन्होंने गुजरात में जन्म लिया व हरियाणा में समाज सुधार का प्रचार किया। इसके साथ ही मोदी ने कांगे्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि ये पहले हाथ दिखाते हैं और फिर हाथ आजमाते हैं। इनकी विदाई जरूरी है। मोदी ने बिना नाम लिये कुरुक्षेत्र से कांग्रेसी उम्मीद्वार व मौजूदा सांसद नवीन जिंदल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ये चुनाव पैसे और पसीने के बीच है। पैसे नहीं जीतेंगे बल्कि पसीना जीतेगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पैसे के जोर पर वोट खरीदने की कोशिस करते हैं। कुछ फर्जी उम्मीद्वार खड़े करके वोट काटने की कोशिस कर रहे हैं। ये सारे कांग्रेस के ठेकेदार हैं। अगर कांग्रेस बची तो देश नहीं बचेगा। इसके साथ ही कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि शहजादे कहते हैं कि एक चौकीदार से काम नहीं चलेगा उन्हें सवा सौ करोड़ देश वासी चौकीदार चाहियें। मोदी ने कहा कि मैं शहजादे से पूछता हूँ कि जिन्होंने कोयले की चोरी की, जिनके हाथ कोयले की चोरी में काले हैं, जिन्होंने देश का मुंह काला किया, क्या वो भी उनके चौकीदार होंगे? इसके साथ ही मोदी ने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस को ऐसी ही बिल्लियों की जरूरत है जो दूध के कटोरे की रखवाली कर सकें। उन्होंने काले धन का विदेशों से वापिस लाने का वायदा करते हुए कहा कि इसके लिये अगर कानून बनाना पड़ा तो कानून बनाऐंगे और किसी देश से संधी करनी पड़ी तो वह भी करेंगे, लेकिन देश से बाहर जमा काला धन वापिस लाकर रहेंगे। इस अवसर पर कैप्टन अभिमन्यू, रामबिलाश शर्मा, जगदीश मुखी, सुभाष चंद्रा आदि भी उनके साथ थे।

No comments:

Post a Comment