Saturday, February 24, 2018

कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री ने किया गुरुकुल का दौरा

आचार्य देवव्रत के ‘जीरो बजट प्राकृतिक कृषि’ मॉडल की सराहना की


कुरुक्षेत्र, 24 फरवरी: गुरुकुल कुरुक्षेत्र के जीरो बजट प्राकृतिक कृषि फार्म के अवलोकन हेतु आज गुजरात की अमरेली सीट से सांसद केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री परषोत्तम रूपाला कृषि वैज्ञानिक व अधिकारियों की पूरी टीम के साथ गुरुकुल कुरुक्षेत्र पहुंचे। गुरुकुल में पहुंचने पर गुरुकुल के प्रधान कुलवन्त सिंह सैनी एवं सह-प्राचार्य शमशेर सिंह ने पूरी टीम का जोरदार स्वागत किया। तत्पश्चात् प्रधान कुलवन्त सिंह सैनी ने स्वयं मुख्य सचिव व उनकी टीम को गुरुकुल की उन्नत व अत्याधुनिक गोशाला, जीवामृत, घनजीवामृत निर्माण केन्द्र, जीरो बजट प्राकृतिक कृषि फार्म सहित पूरे गुरुकुल का अवलोकन कराया। मंत्री महोदय ने गुरुकुल की गोशाला की देशी नस्ल की गायों के स्वास्थ्य और दुग्ध क्षमता की भी खूब सराहना की।
गुरुकुल कुरुक्षेत्र के जीरो बजट प्राकृतिक कृषि फार्म के अवलोकन के दौरान माननीय मंत्री परषोत्तम रूपाला व उनकी टीम ने फसलांे की गुणवत्ता, पैदावार, फसलों पर आने वाले खर्च के विषय में विस्तृत चर्चा की। खेतों में खड़ी गन्ना, आलू, गेंहू व सब्जियों की फसलों को देखकर हिमाचल प्रदेश से आई टीम के सभी सदस्य दंग रह गये। मंत्री महोदय ने कहा कि बिना खाद व पेस्टीसाइड के इतनी उन्नत और अच्छी फसल इससे पहले उन्होंने कभी नहीं देखी। उन्होंने महामहिम राज्यपाल आचार्य देवव्रत जी के देशी गाय पर आधारित ‘जीरो बजट प्राकृतिक कृषि’ मॉडल की जमकर तारीफ की और कहा कि निश्चित रूप से यह मॉडल किसानों के आय दोगुनी करने में उपयोगी सिद्ध होगा। अन्त में गुरुकुल के प्रधान कुलवन्त सिंह सैनी ने केन्द्रीय राज्यमंत्री परषोत्तम रूपाला को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर गुरुकुल के सह-प्राचार्य शमशेर सिंह, कृषि अधिकारी गुरदीप सिंह, सतपाल सिंह, डॉ. हरिओम आदि उपस्थित रहे। 

No comments:

Post a Comment