Friday, May 18, 2018

भारतीय जीवन मूल्यों की ओर वापसी समय की दरकार: प्रो चौहान


दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी संपन्न

कुरुक्षेत्र, पवन सोंटी (18 मई): हरियाणा ग्रंथ अकादमी के उपाध्यक्ष और ग्रामोदय अभियान के संयोजक प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि महर्षि अरविंद के सपनों का अखंड भारत बनाने के लिए पहले वर्तमान भारत को वास्तव में भारत बनाए जाने की आवश्यकता है। भारत के राष्ट्रीय जीवन में भारतीय जीवन मूल्य और सिद्धांतों की बहाली और भारतीय जनमानस के प्रति गौरव का भाव निर्माण किए बिना ना तो अखंड भारत का सपना साकार हो सकेगा और ना ही भारत परम वैभव को प्राप्त कर सकेगा। प्रो चौहान विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में पांडुलिपि संरक्षण संसाधन केंद्र, हरियाणा ग्रंथ अकादमी और हरियाणा  संस्कृत  अकादमी द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के समापन सत्र में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभागियों को संबोधित कर रहे थे। समापन सत्र की अध्यक्षता पूर्व कुलपति के के शर्मा ने की।
अपने उद्बोधन में हरियाणा ग्रंथ अकादमी के उपाध्यक्ष ने कहा कि महान क्रांतिकारी, लेखक और आध्यात्मिक विभूति महर्षि अरविंद घोष और श्री मां के जीवन और कार्यों को समझ कर नवीन भारत के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जा रहे प्रयासों को और कारगर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि महर्षि अरविंद स्वाधीनता संग्राम के दौरान जहां स्वाधीनता के संघर्ष में सीधे तौर पर जुड़े रहे वही इस बात को लेकर भी लगातार चिंतित थे कि अंग्रेजों के जाने के बाद स्वतंत्र भारत की दिशा व दशा क्या होगी। चौहान ने कहा कि दुर्भाग्य से स्वाधीनता के बाद जिन लोगों के हाथ में देश की कमान आई उन्होंने भारत को वास्तविक अर्थों में भारत ना रहने दिया और ना बनने दिया। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि उनकी अपनी समझ पश्चिमी चिंतन पर आधारित थी। प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि वर्तमान समय में हम भारत के लोग इस बात पर  संतोष कर सकते हैं कि अब देश में सरकार ऐसे लोगों के हाथ में हैं जिन्हें भारत की भारतीयता पर गर्व होता है। जो भारत के महान पूर्वजों और उनकी ज्ञान परंपरा का जिक्र करते हुए न शर्माते हैं और न संकोच करते हैं। भारतीय संस्कृति, संस्कृत और अखंड भारत का सपना देखने वालों के लिए वास्तव में यही अच्छे दिन हैं।
समापन सत्र में अध्यक्षीय वक्तव्य में पूर्व कुलपति के के शर्मा ने संस्कृत के उच्च स्तरीय अध्ययन के लिए विश्वविद्यालय में एक नए केंद्र के निर्माण की वकालत की।
समापन सत्र में महर्षि अरविंद के महाकाव्य "सावित्री" पर महर्षि अरविंद के अनन्य भक्त डॉ महेंद्र  हंस का विशेष व्याख्यान हुआ। इस अवसर पर डॉ अरुनेश्र्वर झा,प्रचार्य खजान सिंह गुलिया, हरियाणा संस्कृत अकादमी के उपाध्यक्ष डॉ श्रेयांश द्विवेदी, कार्यक्रम के संयोजक डॉक्टर सुरेंद्र मोहन मिश्र और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के निदेशक युवा कल्याण आचार्य सीडीएस कौशल ने भी प्रतिभागियों को संबोधित किया। दो दिवसीय संगोष्ठी में महाकाव्य सावित्री पर चर्चा के अलावा संस्कृत के पठन पाठन से जुड़ी समस्याओं और सवालों पर भी विस्तार से मंथन हुआ।

तीसरा मोर्चा न बनने के कारण मजबूरी में कांग्रेस के कुशासन से दुखी जनता ने भाजपा को सौंपी थी सत्ता: अभय चौटाला


एसवाईएल का पानी लाएंगे हरियाणा को बचाएंगे के नारे के बीच गठबंधन के हजारों कार्यकर्ताओं ने दी सामूहिक गिरफ्तारी


कुरुक्षेत्र, पवन सोंटी (18 मई): 2014 के लोकसभा चुनाव में देश में तीसरा मोर्चा गठित न होने के कारण कांग्रेस के कुशासन से दुखी जनता ने मजबूरी में भाजपा को वोट देकर सत्ता सौंपी थी, लेकिन इस बार बहन मायावती के नेतृत्व में क्षेत्रीय दलों के सहयोग से तीसरा मोर्चा गठित किया जाएगा और बसपा प्रमुख मायावती को देश का प्रधानमंत्री बनाया जाएगा। यह विचार हरियाणा के नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने इनेलो बसपा गठबंधन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय जेल भरो आंदोलन के अवसर पर कुरुक्षेत्र की नई अनाज मंडी में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। रैली में गठबंधन के कार्यकर्ता ढोल बजाते हुए शामिल हुए। रैली में उमड़ा जनसैलाब देखकर गठबंधन के नेता गदगद नजर आए। रैली के पश्चात अभय चौटाला, इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, पिहोवा के विधायक एवं पूर्व कृषि मंत्री जसविंद्र सिंह संधू, बसपा के प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती, पूर्व संसदीय सचिव रामपाल माजरा, सांसद रामकुमार कश्यप के नेतृत्व में गठबंधन के हजारों कार्यकर्ताओं ने सामूहिक गिरफ्तारी दी। जनसभा समाप्त होते ही हजारों कार्यकर्ता सामूहिक गिरफ्तारी देने के लिए चले तो अनाजमंडी के गेट पर ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया और हरियाणा रोडवेज की बसों में भरकर पुलिस लाइन ले जाया गया। जहां से कुछ समय बाद सभी को रिहा कर दिया गया। गिरफ्तारी देने वालों में भारी संख्या में महिलाएं भी थी। एसवाइएल का पानी लाना है हरियाणा को बचाना है के नारे के बीच हरे और नीले रंग के झंडे हाथों में उठाए हुए कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी देते समय कहा कि जब तक एसवाइएल का पानी हरियाणा में नहीं आता तब तक गठबंधन का आंदोलन जारी रहेगा। 

गिरफ्तारी देने वालों में प्रमुख रूप से सिरसा के सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, इनेलो जिला प्रधान कुलदीप सिंह मुलतानी, बसपा प्रभारी रोहताश रंगा, बसपा नेत्री शशि सैनी, बसपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र प्रजापत, शीला भयाण, विधायक रणबीर प्रजापत, विधायक मक्खन सिंगला, अनूप धानक, विधायक पृथ्वी बाल्मीकि,  पूर्ण चंद बड़शामी, लाडवा से गत विधानसभा चुनाव में इनेलो प्रत्याशी बच्चन कौर बड़शामी, पूर्व विधायक ईश्वर पलाका, डॉ. संतोष दहिया, सुरजीत कौर, बसपा नेता दयाचंद, बसपा जिला प्रधान मान सिंह, सुनील राणा, जसविंद्र खैरा, नरेंद्र घराड़सी, मयाराम चंद्रभानपुरा, सतबीर शर्मा, संदीप टेका, नितिन भारद्वाज लाली, नरेंद्र शर्मा निंदी, बसपा हलका प्रधान सुनील, सुरिंद्र सैनी, मोहित सैनी, बलविंद्र सिंह बब्बू, बुट्टा सिंह लुखी, रामकरण काला, महेंद्र कैंथला, जयपाल चढूनी, सुरेश सैनी, हाकम सिंह उदारसी, नितिन गोयल, नलिन गोयल, प्रहलाद शर्मा, सोहन लाल रामगढ़, सतबीर ढांडा, रणबीर बूरा, कर्णसिंह ईशाक, विक्रम चक्रपाणी, अमनदीप कांबोज, सतीश, रामस्वरूप चोपड़ा सहित इनेलो के कई विधायक एवं पूर्व विधायक शामिल थे।

19 महीने पहले सुप्रीम कोर्ट ने हरियाणा के पक्ष में दिया था फैसला  

नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने अपने संबोधन में कहा कि 19 महीने पहले सुप्रीम कोर्ट ने एसवाइएल के मामले को लेकर हरियाणा के पक्ष में फैसला दिया था। इनेलो ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मिलकर कहा था कि वे प्रधानमंत्री से मिलकर हरियाणा का पक्ष रखें इनेलो उनके नेतृत्व में प्रधानमंत्री से मिलेगी लेकिन 19 महीने बीत जाने पर भी मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री से समय नहीं ले सके। उन्होंने एसवाइएल का पानी हरियाणा में न आने के लिए कांग्रेस व भाजपा को समान रूप से जिम्मेवार ठहराते हुए कहा कि दोनों दलों को प्रदेश की जनता के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी जहां लुभावने वायदे करके सत्ता में आ गए वहीं प्रदेश सरकार ने भी घोषणा पत्र में किया गया कोई भी वायदा पूरा नहीं किया। एसवाइएल का पानी तो हरियाणा में लाना दूर की बात रही इनेलो द्वारा शुरू की गई दादूपुर नलवी नहर योजना को भी बंद कर दिया। अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा ने युवाओं को रोजगार देने, काला धन वापस लाने और स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने का वायदा किया था, लेकिन कोई भी वायदा पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि एसवाइएल पानी को हरियाणा में लाने, दादूपुर नलवी नहर परियोजना दोबारा से शुरू करना, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने तथा गरीब किसान, मजदूर व छोटे व्यापारियों के कर्जे माफ करने की मांग को लेकर गठबंधन का जेल भरो आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि सरकार गीता, गाय और सरस्वती की आड़ में जनता का ध्यान बांटने में लगी हुई है। जो काम सरकार को करने चाहिए वह नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि इनेलो बसपा गठबंधन से कांग्रेस और भाजपा में खलबली मची हुई है। कर्नाटक की घटना पर बोलते हुए चौटाला ने कहा कि जो काम कांग्रेस आज तक करती आई है वही भाजपा कर रही है। हरियाणा में भी 1982 में चौधरी देवी लाल के गठबंधन के पास पर्याप्त बहुमत था, लेकिन 36 विधायकों वाले भजनलाल को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिला थी।

गीता जयंती को ओम प्रकाश चौटाला ने दिया था अंतरराष्ट्रीय स्वरूप: अशोक अरोड़ा   

जनसभा को संबोधित करते हुए इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, पिहोवा के विधायक एवं पूर्व कृषि मंत्री जसविंद्र सिंह संधू, सांसद रामकुमार कश्यप तथा रामपाल माजरा ने कहा कि आज प्रदेश में इनेलो बसपा गठबंधन की हवा चल रही है। कांग्रेस और भाजपा गठबंधन से घबराए हुए हैं। इन नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार से हर वर्ग नाराज है। किसान सफाई कर्मचारी प्रदेश के अन्य कर्मचारी, व्यापारी सभी सरकार की कार्यप्रणाली से दुखी हैं। अशोक अरोड़ा ने कहा कि गीता जयंती को चौधरी ओम प्रकाश चौटाला ने अंतरराष्ट्रीय स्वरूप दिया था, इनेलो गीता जयंती के विरुद्ध नहीं है, लेकिन जिस प्रकार से भाजपा सांसद हेमा मालिनी के डांस के लिए तीन करोड़ का पंडाल तैयार किया गया। 400 रुपये वाली गीता के बजाय 40 हजार रुपये की गीता खरीदी गई, इनेलो इस प्रकार की फिजूलखर्ची के विरुद्ध है।
उन्होंने मुख्यमंत्री के रोड शो पर टिप्पणी करते हुए अशोक अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री सड़कों पर सैर करने आ रहे हैं तो उन्हें शहर की टूटी फूटी सड़कों की सैर करनी चाहिए। राहगीरी के नाम पर गिली-डंडा, स्टापू और फिट्टो जैसे खेल खेलना सरकार का काम नहीं है। इनेलो नेताओं ने कहा कि कुरुक्षेत्र की जनता को तीन वर्ष में विकास के नाम पर धूल-मिट्टी के कारण अस्थमा की बीमारी मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इनेलो-बसपा गठबंधन की सरकार बनेगी।

कमेरे और मजदूर वर्ग का है यह गठबंधन: प्रकाश भारती  

बसपा प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती ने भी संबोधन में कहा कि यह गठबंधन कमेरे और मजदूर वर्ग का है। उन्होंने अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जहां झूठ बोलते हैं वहीं अमित शाह दलित के घर खाना-खाने का नाटक करते हैं। भाजपा के नेता होटल का खाना और एसी ले जाकर दलित के घर रोटी खाने की नोटंकी कर रहे हैं। भारती ने कहा कि चौधरी देवीलाल और स्वर्गीय काशीराम इन नीतियों का अनुसरण करते हुए चौधरी ओम प्रकाश चौटाला और बहन मायावती ने जो गठबंधन किया है यह गठबंधन प्रदेश की सभी 90 सीटों पर विजय प्राप्त करेगा। भाजपा का चेहरा जनता के सामने बेनकाब हो चुका है। कांग्रेस में आपसी फूट है। उन्होंने कहा कि एसवाईएल को लेकर गठबंधन का आंदोलन हरियाणा के हिस्से का पानी आने तक जारी रहेगा। भारती ने कहा कि बहन मायावती के नेतृत्व में देश में तीसरा मोर्चा बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का काम आपसी भाईचारा खराब करना है, लेकिन इस गठबंधन से प्रदेश का आपसी भाईचारा मजबूत हुआ है।

Monday, May 14, 2018

कांग्रेस नवाज़ शरीफ जैसी दुर्गति की राह पर : प्रो चौहान


शाहबाद मारकंडा । रोजाना कालेधन पर सवाल खड़ा करने वाली कांग्रेस के मुखिया राहुल गांधी देश के पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठतम नेताओं में से एक पी चिदंबरम के काले धन पर मौन क्यों हैं? भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रकाशन प्रमुख वीरेंद्र सिंह चौहान ने यहां पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में यह सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि स्वयं नेशनल हेराल्ड मामले में जमानत पर चल रहे राहुल गांधी से इस मामले में जवाब की उम्मीद तो नहीं है मगर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और नेता गांव की गलियों से लेकर संसद के गलियारों तक कांग्रेस पार्टी के इस दोहरे चरित्र को बेनकाब करेंगे।
प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि काला धन चाहे देश में हो अथवा विदेश में, उसके मालिकों को उन की करतूतों की सजा दिलवाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में केंद्र सरकार ने विधिवत कानून बनाया है। उस कानून में अघोषित संपत्तियों को सार्वजनिक करने का अवसर पी चिदंबरम और  उनके कांग्रेसी कुनबे के सब लोगों को देश के अन्य नागरिकों की तरह दिया गया था। मगर आयकर विभाग के हाथ आए दस्तावेज इस बात की गवाही दे रहे हैं कि भारत में भ्रष्टाचार की शिरोमणि बनी कांग्रेस पार्टी के कर्ताधर्ता अब भी अपने काले कारनामों को छुपाने में जुटे हुए हैं। पी चिदंबरम से बड़ा अपराध उनके राजनीतिक आका राहुल गांधी का है जो सब कुछ जानते हुए भी अनजान बनने की कोशिश कर रहे हैं।
हरियाणा ग्रंथ अकादमी के उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि पाकिस्तान में जिस प्रकार वहां की सुप्रीम कोर्ट ने विदेशों में काला धन और संपदा छुपाने वाले नवाज शरीफ को न केवल सत्ता छोड़ने के लिए मजबूर किया बल्कि अनेक वर्षों के लिए चुनाव लड़ने से भी प्रतिबंधित कर दिया, ठीक वही हालात कांग्रेस पार्टी के बड़े नेताओं के लिए भारत में बनने जा रहे हैं। कांग्रेस नवाज शरीफ जैसे विकट समय का सामना करने की दिशा में बढ़ रही है और आए दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर बेतुके सवाल उछालने वाले कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बचाव का रास्ता मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।
पत्रकारों के सवालों के जवाब में भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र की सरकार देश के उन 18000 गांव में बिजली पहुंचाने में कामयाब हुई है जो 70 साल के स्वतंत्र भारत में रोशनी के इस अधिकार से वंचित रहे। उन्होंने निर्धारित समय सीमा में देश के प्रत्येक गांव में बिजली पहुंचाने की उपलब्धि को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल और कड़क नेतृत्व का प्रमाण दिया।
वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि यूपीए के कार्यकाल में देश में प्रतिदिन राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण की गति यदि औसतन 2 से 3 किलोमीटर के बीच में थी तो आज यह आंकड़ा 30 किलोमीटर प्रति दिन से अधिक हो गया है। आधारभूत संरचना के मामले में अच्छे दिनों का इससे बड़ा प्रमाण भला क्या हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अगवाई में पारदर्शी और ईमानदार शासन व्यवस्था देने में भारतीय जनता पार्टी ने कामयाबी हासिल की है। हरियाणा का सड़क तंत्र भी तेज गति से सुधरा है। प्रदेश के नौजवानों में सरकारी तंत्र के प्रति विश्वास बहाल हुआ है क्योंकि अब हरियाणा में सरकारी नौकरियां मुख्यमंत्री की जाति या जिला अथवा नोटों का भरा झोला देखकर नहीं बांटी जाती। प्रोफेसर चौहान ने कहा कि प्रतिपक्षी दलों के सुलझे हुए नेता भी दबे स्वर में और ऑफ द रिकॉर्ड इस ऐतिहासिक बदलाव की तारीफ किए बिना नहीं रह पाते। इस अवसर पर अरूण कंसल शाहाबाद मण्डल अध्यक्ष, कर्णराज तूर प्रदेश प्रवक्ता किसान मोर्चा, बलदेवराज चावला नगरपालिका चैयरमेन, बलदेवराज सेठी पार्षद, रविदत्त शर्मा मण्डल महामन्त्री, नीटू राणा मण्डल महामन्त्री, अमरजीत डांगी प्रदेश सचिव ओबीसी मोर्चा, डॉ देसराज जिलामहामंत्री ओबीसी मोर्चा, सचिन युवा मोर्चा अध्यक्ष मौजूद रहे।  

Tuesday, May 8, 2018

अफगानीस्तान के किसानो ने किया एकीकृत मधुमक्खी पालन विकास केन्द का भ्रमण


अफगानीस्तान के किसानो ने किया एकीकृत मधुमक्खी पालन विकास केन्द का भ्रमण 
धरतीपुत्र टीम, कुरूक्षेत्र (8 मई): अफगानीस्तान के प्रगतिशील किसानो ने मंगलवार को एकीकृत मधुमक्खी पालन विकास केन्द पर भ्रमण किया। इस भ्रमण में लगभग 15 किसानो ने हिस्सा लिया। इन सभी किसानो का स्वागत केन्द के संचालक डा0 बिल्लू यादव द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि यह एशिया महाद्वीप का ऐसा पहला केन्द है जो मधुमक्खी पालन के लिए बनाया गया है। यह केन्द्र इण्डो इजराईल वर्क प्लान पेज 2 के अन्र्तगत स्थापित किया गया है। इससे पहले इजराईल तकनीक से अब तक सब्जी उत्कृष्टता केन्द घरौंडा व फल केन्द लाडवा में स्थापित किए जा चुके है। यह केन्द बागवानी विकास मिशन के तहत इजराईल देश के सहयोग से 10.50 करोड रुपये की लागत से 25 एकड में स्थापित किया गया इस केन्द का उदघाटन हरियाणा राज्य के सीएम मनोहर लाल द्वारा 10 नवंबर 2017 को किया गया है। डा0 सीजे जुनेजा ने बताया कि इस केन्द की स्थापना का उदेश्य आधुनिक तकनीको व संयंत्रो के उपयोग से मधुमक्खी व्यवसाय को वाणिज्य स्तर पर शहद उत्पादन बढ़ाना है। इसके साथ ही स्वस्थ व बीमारी रहित मधुमक्खी कालोनियो के रखरखाव के लिए प्रबन्धन प्रर्दशन लगाना शहद निकालने भण्डारण प्रसंस्करण टेस्टिंग पैकेजिंग व राष्ट्रीय एंव अन्र्तराष्ट्रीय स्तर पर इसके विपणन को बढाना है।
डा0 जितेन्द नैन कीट विशेषज्ञ ने बताया कि इस केन्द की सहायता से हरियाणा राज्य के किसानो को उच्च गुणवता वाले मधुमक्खी के बक्सो की सुविधा उपलब्ध करावाई जाती है। उन्होंने आधुनिक प्रणाली की मधुमक्खी छाता निर्माण इकाई अपायरी युनिट मौन पेटिका निर्माण इकाई के बारे मे विस्तारपूर्वक जानकारी दी। अफगानी किसानो ने एकीकृत मधुमक्खी पालन विकास केन्द्र रामनगर द्वारा मधुमक्खी पालक को दी जा रही सुविधाओ की सराहना की और उन्होंने मधुमक्खी पालन की अच्छी जानकारी इस केन्द्र की सहायता से प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि हम लोग बहुत भाग्यशाली है जो इस केन्द्र के भ्रमण करने का मौका मिला हम अपने देश में जा कर वैज्ञानिक तरीको से मधुमक्खी पालन शुरु करेंगे। अंत मे उन्होंने एकीकृत मधुमक्खी पालन विकास केन्द के सारे स्टाफ का धन्यवाद किया।

मनोहर ने इज़राइल के किसानों से से जाने उत्पादन को दोगुना करने के गुर


चंडीगढ़, पवन सोंटी (8 मई): हरियाणा के किसानों की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के इच्छुक, मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज तेल अवीव के निकट स्थित खेतों का दौरा किया और नवीनतम इजराइली प्रौद्योगिकी और विशेषज्ञता के बारे सीधे जानकारी प्राप्त करने के लिए किसानों के साथ बातचीत की। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल इज़राइल दौरे पर गया है।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय किसानों से यह पता लगाने के लिए बातचीत की कि उन्होंने कृषि के क्षेत्र में नई तकनीकों को कैसे अपनाया और उत्पादन एवं उत्पादकता, दोनों पर इसका क्या प्रभाव पड़ा। उन्होंने फसल विविधिकरण और नई फसलों को अपनाने के बारे में भी विस्तार से चर्चा की, जिसके फलस्वरूप इज़राइल के किसान संसाधनों के उपयोग में कटौती करते हुए उत्पादन को दोगुना करने में सक्षम हुए हैं।
मनोहर लाल ने नंदन जैन सहित सूक्ष्म सिंचाई उद्योगों के अन्य विशेषज्ञों के साथ भी बातचीत की और यह जानना चाहा कि हरियाणा में इन पद्घतिओं को बेहतर तरीके से कैसे अपनाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में इज़राइल गए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार शामिल हैं।

गेहूं की आवक में टूटा पिछले साल का रिकार्ड


अब तक हुई 84.39 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं की आवक
चंडीगढ़, पवन सोंटी (8 मई): हरियाणा की मंडियों में पिछले वर्ष के 74.25 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवक के रिकार्ड को तोड़ते हुए इस वर्ष अब तक मंण्डियों में 84.39 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं की आवक हुई है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि कुल आवक में से विभिन्न सरकारी खरीद एजेंसियों ने 84.39 लाख मीट्रिक टन तथा व्यापारियों ने 884 मीट्रिक टन गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद की है।
उन्होंने गेहूं आवक की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सिरसा जिला 11.56 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं की आवक के साथ अग्रणी रहा, जबकि करनाल जिला 8.99 लाख मीट्रिक टन से अधिक की गेहूं की आवक  के साथ दूसरे स्थान पर  है। इसके प्रकार, जिला जींद में 7.42 लाख मीट्रिक टन से अधिक, कैथल में 7 लाख मीट्रिक टन, फतेहाबाद में 7.10 लाख मीट्रिक टन, कुरुक्षेत्र में 5.87 लाख मीट्रिक टन, हिसार में 5.44 लाख मीट्रिक टन सोनीपत में 4.68 लाख मीट्रिक टन, पलवल में 4.15 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई है। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त यमुनानगर में 3.50 लाख मीट्रिक टन, अम्बाला में 3.21 लाख मीट्रिक टन से अधिक, पानीपत में 3.18 लाख मीट्रिक टन से अधिक, भिवानी में 2.91 लाख मीट्रिक टन, रोहतक में 2.76 लाख मीट्रिक टन, झज्जर में 1.79 लाख मीट्रिक टन, फरीदाबाद में 1.30 लाख मीट्रिक टन, मेवात में 1.01 मीट्रिक टन, गुरुग्राम में 72,360 मीट्रिक टन, रेवाड़ी में 65,979 मीट्रिक टन, नारनौल में 56,864 मीट्रिक टन और पंचकूला में 48,465 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने बताया कि खाद्य,नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने 25.33 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं की खरीद की है, हैफेड ने 33.77 लाख मीटिक टन, भारतीय खाद्य निगम द्वारा 10.32 लाख मीट्रिक टन,हरियाणा भण्डारण निगम द्वारा 14.95 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं की खरीद की गई है।