Friday, May 18, 2018

तीसरा मोर्चा न बनने के कारण मजबूरी में कांग्रेस के कुशासन से दुखी जनता ने भाजपा को सौंपी थी सत्ता: अभय चौटाला


एसवाईएल का पानी लाएंगे हरियाणा को बचाएंगे के नारे के बीच गठबंधन के हजारों कार्यकर्ताओं ने दी सामूहिक गिरफ्तारी


कुरुक्षेत्र, पवन सोंटी (18 मई): 2014 के लोकसभा चुनाव में देश में तीसरा मोर्चा गठित न होने के कारण कांग्रेस के कुशासन से दुखी जनता ने मजबूरी में भाजपा को वोट देकर सत्ता सौंपी थी, लेकिन इस बार बहन मायावती के नेतृत्व में क्षेत्रीय दलों के सहयोग से तीसरा मोर्चा गठित किया जाएगा और बसपा प्रमुख मायावती को देश का प्रधानमंत्री बनाया जाएगा। यह विचार हरियाणा के नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने इनेलो बसपा गठबंधन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय जेल भरो आंदोलन के अवसर पर कुरुक्षेत्र की नई अनाज मंडी में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। रैली में गठबंधन के कार्यकर्ता ढोल बजाते हुए शामिल हुए। रैली में उमड़ा जनसैलाब देखकर गठबंधन के नेता गदगद नजर आए। रैली के पश्चात अभय चौटाला, इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, पिहोवा के विधायक एवं पूर्व कृषि मंत्री जसविंद्र सिंह संधू, बसपा के प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती, पूर्व संसदीय सचिव रामपाल माजरा, सांसद रामकुमार कश्यप के नेतृत्व में गठबंधन के हजारों कार्यकर्ताओं ने सामूहिक गिरफ्तारी दी। जनसभा समाप्त होते ही हजारों कार्यकर्ता सामूहिक गिरफ्तारी देने के लिए चले तो अनाजमंडी के गेट पर ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया और हरियाणा रोडवेज की बसों में भरकर पुलिस लाइन ले जाया गया। जहां से कुछ समय बाद सभी को रिहा कर दिया गया। गिरफ्तारी देने वालों में भारी संख्या में महिलाएं भी थी। एसवाइएल का पानी लाना है हरियाणा को बचाना है के नारे के बीच हरे और नीले रंग के झंडे हाथों में उठाए हुए कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी देते समय कहा कि जब तक एसवाइएल का पानी हरियाणा में नहीं आता तब तक गठबंधन का आंदोलन जारी रहेगा। 

गिरफ्तारी देने वालों में प्रमुख रूप से सिरसा के सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, इनेलो जिला प्रधान कुलदीप सिंह मुलतानी, बसपा प्रभारी रोहताश रंगा, बसपा नेत्री शशि सैनी, बसपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र प्रजापत, शीला भयाण, विधायक रणबीर प्रजापत, विधायक मक्खन सिंगला, अनूप धानक, विधायक पृथ्वी बाल्मीकि,  पूर्ण चंद बड़शामी, लाडवा से गत विधानसभा चुनाव में इनेलो प्रत्याशी बच्चन कौर बड़शामी, पूर्व विधायक ईश्वर पलाका, डॉ. संतोष दहिया, सुरजीत कौर, बसपा नेता दयाचंद, बसपा जिला प्रधान मान सिंह, सुनील राणा, जसविंद्र खैरा, नरेंद्र घराड़सी, मयाराम चंद्रभानपुरा, सतबीर शर्मा, संदीप टेका, नितिन भारद्वाज लाली, नरेंद्र शर्मा निंदी, बसपा हलका प्रधान सुनील, सुरिंद्र सैनी, मोहित सैनी, बलविंद्र सिंह बब्बू, बुट्टा सिंह लुखी, रामकरण काला, महेंद्र कैंथला, जयपाल चढूनी, सुरेश सैनी, हाकम सिंह उदारसी, नितिन गोयल, नलिन गोयल, प्रहलाद शर्मा, सोहन लाल रामगढ़, सतबीर ढांडा, रणबीर बूरा, कर्णसिंह ईशाक, विक्रम चक्रपाणी, अमनदीप कांबोज, सतीश, रामस्वरूप चोपड़ा सहित इनेलो के कई विधायक एवं पूर्व विधायक शामिल थे।

19 महीने पहले सुप्रीम कोर्ट ने हरियाणा के पक्ष में दिया था फैसला  

नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने अपने संबोधन में कहा कि 19 महीने पहले सुप्रीम कोर्ट ने एसवाइएल के मामले को लेकर हरियाणा के पक्ष में फैसला दिया था। इनेलो ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मिलकर कहा था कि वे प्रधानमंत्री से मिलकर हरियाणा का पक्ष रखें इनेलो उनके नेतृत्व में प्रधानमंत्री से मिलेगी लेकिन 19 महीने बीत जाने पर भी मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री से समय नहीं ले सके। उन्होंने एसवाइएल का पानी हरियाणा में न आने के लिए कांग्रेस व भाजपा को समान रूप से जिम्मेवार ठहराते हुए कहा कि दोनों दलों को प्रदेश की जनता के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी जहां लुभावने वायदे करके सत्ता में आ गए वहीं प्रदेश सरकार ने भी घोषणा पत्र में किया गया कोई भी वायदा पूरा नहीं किया। एसवाइएल का पानी तो हरियाणा में लाना दूर की बात रही इनेलो द्वारा शुरू की गई दादूपुर नलवी नहर योजना को भी बंद कर दिया। अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा ने युवाओं को रोजगार देने, काला धन वापस लाने और स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने का वायदा किया था, लेकिन कोई भी वायदा पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि एसवाइएल पानी को हरियाणा में लाने, दादूपुर नलवी नहर परियोजना दोबारा से शुरू करना, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने तथा गरीब किसान, मजदूर व छोटे व्यापारियों के कर्जे माफ करने की मांग को लेकर गठबंधन का जेल भरो आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि सरकार गीता, गाय और सरस्वती की आड़ में जनता का ध्यान बांटने में लगी हुई है। जो काम सरकार को करने चाहिए वह नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि इनेलो बसपा गठबंधन से कांग्रेस और भाजपा में खलबली मची हुई है। कर्नाटक की घटना पर बोलते हुए चौटाला ने कहा कि जो काम कांग्रेस आज तक करती आई है वही भाजपा कर रही है। हरियाणा में भी 1982 में चौधरी देवी लाल के गठबंधन के पास पर्याप्त बहुमत था, लेकिन 36 विधायकों वाले भजनलाल को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिला थी।

गीता जयंती को ओम प्रकाश चौटाला ने दिया था अंतरराष्ट्रीय स्वरूप: अशोक अरोड़ा   

जनसभा को संबोधित करते हुए इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, पिहोवा के विधायक एवं पूर्व कृषि मंत्री जसविंद्र सिंह संधू, सांसद रामकुमार कश्यप तथा रामपाल माजरा ने कहा कि आज प्रदेश में इनेलो बसपा गठबंधन की हवा चल रही है। कांग्रेस और भाजपा गठबंधन से घबराए हुए हैं। इन नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार से हर वर्ग नाराज है। किसान सफाई कर्मचारी प्रदेश के अन्य कर्मचारी, व्यापारी सभी सरकार की कार्यप्रणाली से दुखी हैं। अशोक अरोड़ा ने कहा कि गीता जयंती को चौधरी ओम प्रकाश चौटाला ने अंतरराष्ट्रीय स्वरूप दिया था, इनेलो गीता जयंती के विरुद्ध नहीं है, लेकिन जिस प्रकार से भाजपा सांसद हेमा मालिनी के डांस के लिए तीन करोड़ का पंडाल तैयार किया गया। 400 रुपये वाली गीता के बजाय 40 हजार रुपये की गीता खरीदी गई, इनेलो इस प्रकार की फिजूलखर्ची के विरुद्ध है।
उन्होंने मुख्यमंत्री के रोड शो पर टिप्पणी करते हुए अशोक अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री सड़कों पर सैर करने आ रहे हैं तो उन्हें शहर की टूटी फूटी सड़कों की सैर करनी चाहिए। राहगीरी के नाम पर गिली-डंडा, स्टापू और फिट्टो जैसे खेल खेलना सरकार का काम नहीं है। इनेलो नेताओं ने कहा कि कुरुक्षेत्र की जनता को तीन वर्ष में विकास के नाम पर धूल-मिट्टी के कारण अस्थमा की बीमारी मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इनेलो-बसपा गठबंधन की सरकार बनेगी।

कमेरे और मजदूर वर्ग का है यह गठबंधन: प्रकाश भारती  

बसपा प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती ने भी संबोधन में कहा कि यह गठबंधन कमेरे और मजदूर वर्ग का है। उन्होंने अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जहां झूठ बोलते हैं वहीं अमित शाह दलित के घर खाना-खाने का नाटक करते हैं। भाजपा के नेता होटल का खाना और एसी ले जाकर दलित के घर रोटी खाने की नोटंकी कर रहे हैं। भारती ने कहा कि चौधरी देवीलाल और स्वर्गीय काशीराम इन नीतियों का अनुसरण करते हुए चौधरी ओम प्रकाश चौटाला और बहन मायावती ने जो गठबंधन किया है यह गठबंधन प्रदेश की सभी 90 सीटों पर विजय प्राप्त करेगा। भाजपा का चेहरा जनता के सामने बेनकाब हो चुका है। कांग्रेस में आपसी फूट है। उन्होंने कहा कि एसवाईएल को लेकर गठबंधन का आंदोलन हरियाणा के हिस्से का पानी आने तक जारी रहेगा। भारती ने कहा कि बहन मायावती के नेतृत्व में देश में तीसरा मोर्चा बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का काम आपसी भाईचारा खराब करना है, लेकिन इस गठबंधन से प्रदेश का आपसी भाईचारा मजबूत हुआ है।

No comments:

Post a Comment